बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. हरि सिंह ढिल्लों ने शानदार जीत दर्ज की है। मंगलवार रात 11:25 बजे पांचवें राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद उन्हें 17,676 वोटों के बड़े अंतर से विजयी घोषित किया गया। डा. ढिल्लों को कुल 21,672 मत मिले, जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर को 3,996 वोट प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने सपा प्रत्याशी को बड़े अंतर से पराजित कर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी जीत दर्ज की।
शहर के संजय कम्युनिटी हाल में मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना पांचवें राउंड के साथ पूरी हो गई। कुल 35,149 मतों की गणना की गई, जिनमें 3,183 मतपत्र निरस्त घोषित किए गए। मतगणना के दौरान हर राउंड में डा. ढिल्लों की बढ़त बढ़ती गई और अंतिम परिणाम में यह अंतर 17,676 वोटों तक पहुंच गया। मतगणना के पहले राउंड में डा. हरि सिंह ढिल्लों को 5,251 और सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर को 816 वोट मिले थे।
इस राउंड में भाजपा प्रत्याशी 4,435 मतों से आगे थे। दूसरे राउंड में ढिल्लों को 10,222 और दानिश अख्तर को 1,675 मत मिले। इसके साथ ही दोनों प्रत्याशियों के बीच अंतर बढ़कर 8,547 वोट हो गया। तीसरे राउंड में भाजपा प्रत्याशी को 14,990 और सपा प्रत्याशी को 2,742 मत प्राप्त हुए।
इस दौरान ढिल्लों की बढ़त 12,248 वोटों पर पहुंच गई। चौथे राउंड में भाजपा प्रत्याशी को 19,538 और सपा प्रत्याशी को 3,753 मत मिले। इस समय तक उनकी बढ़त 15,785 वोट हो चुकी थी। पांचवें और अंतिम राउंड में डा. ढिल्लों को कुल 21,672 तथा दानिश अख्तर को 3,996 वोट मिले। अंतिम परिणाम में जीत का अंतर बढ़कर 17,676 मत हो गया।
आठ टेबलों पर हुई मतगणना
मतगणना के लिए संजय कम्युनिटी हाल में आठ टेबल लगाई गई थीं। मतपत्रों को 50-50 के बंडलों में व्यवस्थित कर पहली वरीयता के आधार पर उनकी छंटाई और गणना की गई। शिक्षक निर्वाचन में वरीयता के आधार पर मतदान होने के कारण मतपत्रों की जांच और गणना में विशेष सावधानी बरती गई। पांचवें राउंड की गणना पूरी होने के साथ ही सभी 35,149 मतों की गिनती संपन्न हो गई और परिणाम स्पष्ट हो गया।

