अमरोहा, 07 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। जनगणना-2027 के अंतर्गत जनसंख्या गणना के लिए जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण का शुभारंभ आज दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती गरिमा सिंह द्वारा किया गया। प्रशिक्षण 07 अक्टूबर से 09 अक्टूबर 2026 तक पेनेशिया फैशन इंस्टीट्यूट, जोया रोड, अमरोहा में आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, लखनऊ से आए श्री गौरव पांडे, उपनिदेशक एवं जिला प्रभारी तथा श्री व्यास नन्दन उपस्थित रहे। प्रथम बैच में कुल 34 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 13 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती गरिमा सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से प्रशिक्षित कर्मचारी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे, जो फील्ड में जनगणना का कार्य करेंगे।
भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य 01 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होकर 04 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसका रिवीज़नल राउंड 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक होगा। वहीं, स्व-गणना 15 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक की जा सकेगी। स्व-गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति पोर्टल के माध्यम से अपनी व्यक्तिगत जानकारी स्वयं भर सकता है।

