समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर:- जनगणना कार्य के मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर गुरुवार को शिक्षकों और शिक्षामित्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार नेहा सागर को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान उन्होंने मानदेय अब तक प्राप्त न होने पर नाराजगी व्यक्त की और तत्काल भुगतान की मांग उठाई।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक गंगेश्वरी के अध्यक्ष रामवीर सिंह ने बताया कि तहसील हसनपुर में जनगणना कार्य के प्रथम चरण में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के रूप में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षामित्रों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया है।
इसके बावजूद, उन्हें निर्धारित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ज़ोर दिया कि समय पर मानदेय का भुगतान कर्मचारियों का अधिकार है और इसमें अनावश्यक देरी अनुचित है।प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार हसनपुर से जनगणना कार्य में लगे सभी शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों का मानदेय प्राथमिकता के आधार पर अतिशीघ्र जारी कराने का अनुरोध किया। नायब तहसीलदार नेहा सागर ने उन्हें आश्वस्त किया कि संबंधित अधिकारियों से बात कर मानदेय का भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर पोसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष हसनपुर कुलदीप चौहान, ब्लॉक मंत्री जगत सिंह, वरिष्ठ शिक्षक थान सिंह, रोहताश सिंह, भूरे सिंह, प्रदीप कुमार, भूपाल सिंह, रमेश सिंह, उम्मेद अली, देवेश कुमार, राजपाल सिंह, शीशराम सिंह, जयप्रकाश सिंह, रामरतन सिंह, योगराज सिंह और मंगल सिंह सहित कई शिक्षक एवं शिक्षामित्र मौजूद रहे।

