समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के ज़िले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कुत्ते को बचाने की कोशिश में पिता और बेटी की जान चली गई, जबकि करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा सैदनंगली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब 4 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार पंजाब के मोहाली (ढकोली) निवासी लक्ष्मण सिंह (65) अपनी 22 वर्षीय बीमार बेटी आशु का इलाज कराने के लिए बरेली के मनोना धाम आए थे। इलाज के बाद वह अपने परिवार के साथ टाटा मैजिक से वापस चंडीगढ़ लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनका वाहन गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचा, अचानक सामने एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई।इसी दौरान पीछे से आ रही एक टेंपो ट्रैवलर और कार भी आपस में टकरा गईं, जिससे हादसा और भयावह हो गया। हादसे में लक्ष्मण सिंह और उनकी बेटी आशु टेंपो ट्रैवलर के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में टाटा मैजिक में सवार 7 लोग और ट्रैवलर में सवार 5 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मृतक की पत्नी सरिता देवी सहित कई बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।सूचना मिलने पर सैदनंगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्री मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के निवासी हैं, जो अयोध्या से हरिद्वार की यात्रा पर जा रहे थे।यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के खतरों को उजागर करता है।

