समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
अमरोहा जनपद के हसनपुर क्षेत्र में तीन दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, संभल जनपद के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव किसौली निवासी 50 वर्षीय नन्हू सिंह उर्फ कुंवरपाल 6 जून को एक लगन समारोह से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपलोती कलां स्थित पीर के सामने गंगा एक्सप्रेसवे के नज़दीक उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से ज़ोरदार भिड़ंत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय नन्हू सिंह बाइक पर पीछे बैठे हुए थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि नन्हू सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी देवकी के अलावा तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।मंगलवार को परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

