नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी (आप) ने पूर्वांचली नेता को भाजपा प्रवक्ता द्वारा कहे गए कुछ शब्दों पर आपत्ति जताते हुए भाजपा पर लगातार हमले शुरू कर दिए हैं। जिसको लेकर गुरुवार को भी राजधानी के अलग-अलग इलाकों में आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया था। इसी कड़ी में अब सपा प्रमुख Akhilesh Yadav ने भी सोशल मीडिया के जरिए भाजपा पर निशाना साधा है।
उनके इस पोस्ट पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी टिप्पणी देते हुए कहा है कि दिल्ली वाले बटन दबाकर इसका जवाब देंगे। Akhilesh Yadav ने कहा, “भाजपा के एक राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल पर आम आदमी पार्टी, दिल्ली के एक निर्वाचित विधायक के उपनाम को बिगाड़कर, उस उपनाम के लिए अत्यंत आपत्तिजनक अपशब्द का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण ही नहीं बल्कि घोर निंदनीय भी है।”
लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा है भाजपा : Akhilesh Yadav
उन्होंने आगे कहा कि ये कथन भाजपा की उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वांचलियों के प्रति उस संकीर्ण सोच को दर्शाता है, जो हमेशा नकारात्मक रही है। ये किसी माफ़ी से ख़त्म होने वाला मामला नहीं है। इस ‘शब्द-बाण’ से अपमानित हुए पूर्वांचली, इसे कभी भूलेंगे नहीं। यूपी-बिहार कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!”
Akhilesh Yadav के इस पोस्ट पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जवाब देते हुए कहा, “अखिलेश जी, भाजपा के प्रवक्ता ने जो बोला, वो भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। उनके नेता सुबह शाम केवल गालियां देने का काम करते हैं। कभी महिलाओं को गालियां देते हैं, कभी पूर्वांचली समाज को गाली देते हैं। और जो जितनी बड़ी और गंदी गाली देता है, उसे उतना बड़ा पद मिलता है। पूरे पूर्वांचली समाज के लिए इनके द्वारा बोले गए ये अपमानजनक शब्द बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इसका जवाब पूर्वांचली समाज बटन दबाकर देगा।”
