मुंबई (गिरजा शंकर अग्रवाल): “शूटिंग सेट का माहौल बिल्कुल एक परिवार की तरह होता है, जहाँ हर कोई एक-दूसरे के सहयोग से बेहतरीन काम करता है।” यह कहना है जानी-मानी एक्ट्रेस, मॉडल, एडवोकेट और सोशल एक्टिविस्ट आशा यादव का। हाल ही में हमारे बॉलीवुड रिपोर्टर से खास बातचीत के दौरान उन्होंने अपने फिल्मी सफर, आगामी प्रोजेक्ट्स और निजी जिंदगी के कई दिलचस्प पहलू साझा किए।
सरल स्वभाव, मिलनसार और बहुमुखी प्रतिभा की धनी आशा यादव को बचपन से ही अभिनय का शौक रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों से ही वे नाटकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रही हैं। थिएटर से अपने अभिनय को निखारने वालीं आशा ‘फेस ऑफ राजस्थान’ का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कई बड़े प्रिंट शूट भी किए हैं।
योगा से फिटनेस, अब फिल्मों में दिखा रही हैं जलवा
अभिनय और वकालत के साथ-साथ आशा एक फिटनेस टीचर भी हैं और योगा के जरिए लोगों को स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक करती रहती हैं। अब उनकी यह बहुमुखी प्रतिभा बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।
साउथ की फिल्मों में बड़ा ब्रेक
आशा यादव ने साउथ इंडियन सिनेमा की ओर भी मजबूती से कदम बढ़ाया है। मशहूर निर्देशक गीता प्रसाद की तेलुगु फिल्म ‘द इंसिडेंट’ (The Incident) में वे अहम भूमिका निभा रही हैं, जो जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। निर्देशक गीता प्रसाद के विशेष सहयोग से वे साउथ की दो और बड़ी फिल्मों में भी काम कर रही हैं।
बॉलीवुड में रजा मुराद के साथ आ रहीं नजर
साउथ के साथ-साथ आशा बॉलीवुड में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। वे दिल्ली के निर्माता-निर्देशक और राइटर आदित्य कुमार वर्मा ‘जलज’ की महत्वाकांक्षी बॉलीवुड फिल्म ‘मैं भारत हूँ’ में काम कर रही हैं। इस फिल्म में उनके साथ बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रज़ा मुराद भी मुख्य भूमिका में हैं।
रज़ा मुराद के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए आशा जी ने कहा, “महान कलाकार रज़ा मुराद जी के साथ काम करना मेरे लिए बहुत ही शानदार और सीखने वाला अनुभव रहा है। सेट पर उनसे बहुत कुछ नया जानने को मिल रहा है।”

