बदायूं में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान हादसा, महिला अभ्यर्थी के सिर पर गिरा छत का प्लास्टर, घायल
बदायूं में उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को शहर के गिंदो देवी महाविद्यालय परीक्षा केंद्र में हादसा हो गया।परीक्षा दे रही एक महिला अभ्यर्थी के सिर पर अचानक छत का प्लास्टर टूटकर गिर गया, जिससे वह घायल हो गई।पुलिस ने उसे आनन-फानन अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार पीलीभीत जिले के थाना गजरौला क्षेत्र के गांव बिठौरा कलां निवासी पूजा रानी (18) सिपाही भर्ती परीक्षा दे रही थी।इसी दौरान कक्ष की जर्जर छत से सीमेंट और प्लास्टर का हिस्सा टूटकर उसके सिर पर गिर पड़ा।चोट लगने से पूजा बेहोश होकर गिर गई।घटना के बाद परीक्षा केंद्र में अफरा-तफरी मच गई।
केंद्र व्यवस्थाक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया,जहां उसको उपचार देने के बाद भेज दिया गया।पूजा के साथ हादसा परीक्षा की पहली पाली के दौरान हुआ।परीक्षा के दौरान हुए हादसे से पीड़ित पूजा मायूस नजर आई।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

