अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीयउत्तर प्रदेशउत्तराखंडपंजाबहरियाणाझारखण्डऑटोमोबाइलगैजेट्सखेलनौकरी और करियरमनोरंजनराशिफलव्यवसायअपराध

---Advertisement---

मेला ककोड़ा 2026: गंगा के किनारे बसने लगे कल्पवासियों के डेरे,आस्था की नगरी’ में बढ़ी रौनक

On: November 20, 2026 7:05 PM
Follow Us:
---Advertisement---

मेला ककोड़ा 2026: गंगा के किनारे बसने लगे कल्पवासियों के डेरे, आस्था की नगरी’ में बढ़ी रौनक

बदायूं।कादरचौक इलाके में मेला ककोड़ा में कल्पवासियों के डेरे बसने शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही गंगा की कटरी में रौनक बढ़ने लगी है। बरेली सहित आसपास के जिलों से श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए हैं। कल्पवासी अपने लिए जगह तैयार करने और तंबू लगाने में जुट गए हैं।

मेला क्षेत्र में करीब 1200 दुकानें लगती हैं।दो मीना बाजार भी सज रहे हैं। खान-पान के रेस्टोरेंट,बाल काटने व मुंडन संस्कार के अलावा हलवाइयों की दुकानें भी अलग रहती हैं। सब्जी की दुकानों का भी बाजार लगता है। मीना बाजार के साथ ढोलक,मंजीरे और पूजा-पाठ की सामग्री, पशुओं के सामान,घरेलू जरूरतों और किराना की दुकानें पहुंच गई हैं।आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ बाजार पूरी तरह गुलजार होने की उम्मीद है।

शाम को रंगीन लाइटें बढ़ा रहीं मेले की शोभा:-मेला ककोड़ा। शाम को रंग-बिरंगी लाइटें मेले की शोभा और बढ़ा देती हैं। छतरीनुमा आकार की लाइटें बेहद आकर्षण लग रही हैं।बृहस्पतिवार की देर शाम मेला ककोड़ा की अनूठी छटा बिखेर रही थी।गंगा घाट तक लाइटें जगमग नजर आ रही थीं।आने वाले दो दिन में मेला क्षेत्र पूर्णरूप से रोशनी में नहाने लगेगा।

मान्यता : कार्तिक में गंगा स्नान करने से रोग हो जाते हैं दूर:-मेला ककोड़ा में कार्तिक माह के दौरान गंगा स्नान और कल्पवास का विशेष धार्मिक महत्व है।मान्यता है कि कार्तिक में गंगा स्नान करने से व्यक्ति रोग मुक्त होता है। मधुसूदनाचार्य ने बताया कि पांच दिन कल्पवास के बाद पूर्णिमा को गंगा स्नान करने से महीने भर के कल्पवास का लाभ मिलता है।गंगा तट पर दीपदान करने से एक हजार यज्ञ का फल प्राप्त होता है। इसी धार्मिक आस्था के चलते मेला ककोड़ा में हजारों श्रद्धालु परिवार सहित कल्पवास करते हैं। मेला ककोड़ा का विधिवत आरंभ कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी से होता है। इसी दिन ककोड़ा देवी मंदिर से झंडी मेला स्थल पर लाकर स्थापित की जाती है।परमात्मा दास ने बताया कि शुक्ल पक्ष की षष्ठी को छठ पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इसे पुत्रादि देने वाला पर्व कहते हैं।सपत्नीक गंगा पूजन का विशेष महत्व है।गंगा तट पर कल्पवास किया जाता है। अष्टमी को गोपाष्टमी के रूप में गो पूजन किया जाता है। अक्षय नवमी को पाप क्षय होते हैं। वहीं देवोत्थान एकादशी के रूप में गंगा तट पर देव आराधना करनी चाहिए। तुलसी विवाह भी लोग गंगा तट पर करते हैं।
गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व:-तुलसी एवं सालिगराम की पूजा, शिव पूजन, वैकुंठ चतुर्दशी और भगवान के वैकुंठ धाम का वास पूर्णिमा का भी विशेष महत्व है। मत्स्य भगवान के अवतार का बारहवां दिन माना जाता है। बताया कि स्नान के उपरांत गंगा में दीपदान करने से एक हजार यज्ञ का फल मिलता है।
पूर्णिमा के दिन चंद्रमा उदय होने पर शिव, प्रीति, अनुसुइया, क्षमा आदि छठ कृतियों का पूजन करने से धनधान्य और यश की प्राप्ति होती है। महर्षि अंगिरा के अनुसार कार्तिक माह में गंगा स्नान करने से व्यक्ति रोग मुक्त होता है। पांच दिन के बाद भी पूर्णिमा को स्नान करने से महीने भर का लाभ मिलता है।
ढोल-मजीरे की थाप पर डीजे भारी, बदल रही सांस्कृतिक पहचान:-मेला ककोड़ा की पहचान कभी ढोल-मंजीरों की थाप, आल्हा की गूंज और गंगा मैया के भजनों से होती थी, लेकिन बदलते दौर में इसकी सांस्कृतिक तस्वीर भी बदलने लगी है।अब तंबुओं से उठने वाली ढोल-मजीरों की आवाज की जगह डीजे और आधुनिक म्यूजिक सिस्टम ने ले ली है।गंगा तट पर लगने वाला मेला ककोड़ा मूल रूप से ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा रहा है। पहले मेले में आने वाले लोग अपने साथ घर-गृहस्थी के सामान के अलावा ढोल, मंजीरे और अन्य वाद्य यंत्र भी लेकर आते थे। शाम होते ही तंबुओं में भजन-कीर्तन शुरू हो जाते थे। मेले में महिलाएं एक स्थान पर बैठकर गंगा मैया के पारंपरिक गीत गाती थीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के तंबुओं में ठहरे लोग भी खिंचे चले आते थे।कई जगह आल्हा की दमदार तान सुनाई देती थी। इससे पूरा मेला भक्तिमय और लोक संस्कृति के रंग में रंगा दिखता था।समय के साथ मनोरंजन के साधन बदले तो मेले की परंपराओं पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है।अब कल्पवासी अपने साथ आधुनिक साउंड सिस्टम और डीजे लेकर पहुंच रहे हैं।

उझानी से आए राजू ने बताया कि शाम होते ही तंबुओं से फिल्मी गानों की आवाज सुनाई देने लगती है। मनोरंजन के लिए लगने वाले साधनों में भी फिल्मी संगीत का बोलबाला है। कई जगह भजन-कीर्तन और लोकगीतों की जगह डीजे पर गाने सुनाई देते हैं। इससे मेले की पुरानी सांस्कृतिक पहचान धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही है।

गंगा स्नान के दौरान लापरवाही न करें श्रद्धालु:-मेला में पहुंचे गोताखोर मुसाकिर ने बताया कि उनकी टीम मेला ककोड़ा में 65 लोगों को गंगा में डूबने से बचा चुकी है। स्नान के दौरान कई बार श्रद्धालु पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाते। उत्साह में आगे बढ़ने या तेज बहाव वाले स्थान पर पहुंचने से हादसे की आशंका रहती है। ऐसे समय में उनकी टीम तत्काल मदद के लिए पहुंचती है।मुसाकिर के मुताबिक,वर्षों से इस काम में लगे होने के कारण उन्हें गंगा की धारा और घाटों की स्थिति का अच्छा अनुभव है। श्रद्धालुओं की जान बचाना उनकी टीम की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा स्नान के दौरान लापरवाही न करें, सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करें और गहरे पानी में जाने से बचें।
स्वयं सहायता समूहों के बनाए उत्पादों के लगेंगे स्टॉल:-गंगा मेला ककोड़ा में पहली बार 43 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के तैयार उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।एनआरएलएम विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।स्टॉलों के लिए जगह का आवंटन भी हो गया है।इसमें समूह की महिलाएं अपने उत्पादों को बेचकर आय अर्जित कर सकेंगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment