काल का क्रूर प्रहार: बहन की शादी से पहले भाई की मौत, विदाई के बाद नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
बदायूं के उसहैत क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया।इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई।इनमें से एक युवक की बहन की शादी शनिवार को होनी थी,जिसे शुक्रवार रात ही एक मंदिर में करा दिया गया। गमगीन माहौल में बहन के फेरे मंदिर में कराए गए।बहन की विदाई के बाद शनिवार सुबह भाई की अर्थी उठी तो हर आंख नम हो गई।परिजन रो-रोकर बेहाल थे।

ग्राम गड़िया हरदोपट्टी निवासी पुरुषोत्तम और मुनीश की शुक्रवार शाम भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पुरुषोत्तम की बहन की बरात शनिवार को आनी थी। घर में खुशियों का माहौल था और बरातियों के लिए पकवान बन रहे थे। भाई की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।हाथों में मेहंदी रचाए बैठी बहन पर वज्रपात हो गया।शादी न रुक पाए,इसके लिए परिवार ने एक बड़ा फैसला लिया।शुक्रवार रात ही एक मंदिर में सामान्य फेरे कराकर लड़की की विदाई कर दी गई।जिस घर में बेटी के फेरे होने थे,वहां अब बेटे की मौत का मातम पसरा है। शनिवार को दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया।
खरीदारी करके लौट रहे थे दोनों:-थाना उसहैत क्षेत्र के हनुमान मंदिर के पास शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे सड़क पर मक्का लदी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से बाइक घुस गई थी।हादसे में बाइक सवार पुरुषोत्तम और उसके फुफेरे भाई मुनीश की मौत हो गई।दोनों बाइक से उसहैत में खरीदारी करने गए थे।वहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।मुनीश छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा भाई था। वहीं, पुरुषोत्तम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। यह हादसा उस समय हुआ जब पुरुषोत्तम के घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। शादी वाले घर में मातम पसर गया।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी
Related