नयी दिल्ली : BJP (भाजपा) ने कांग्रेस की देश भर में प्रवर्तन निदेशालय एवं केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के दफ्तरों पर धरना प्रदर्शन की घोषणा पर तीखी प्रतिक्रिया जतायी है और पूछा है कि कांग्रेस को कानून को अपना काम करने देना चाहिए और घोटालेबाज़ों का महिमामंडन नहीं करना चाहिए।
BJP Foundation Day : भाजपा के 45 साल अटल से मोदी युग का सफर
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी बहुत परेशान है और देशभर में धरना देने की बात कर रही है। धरना देने का अधिकार उनका है, लेकिन जमीन और फंड लूटने का अधिकार उन्हें (कांग्रेस को) नहीं है।”
BJP कांग्रेस पार्टी बहुत परेशान है और देशभर में धरना देने की बात कर रही
श्री प्रसाद ने कहा कि नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र 1937 में शुरू किया गया था। इसमें 5 हजार शेयर होल्डर्स थे, ये नेहरू खानदान की जागीर कभी नहीं रही है। 2008 में नेशनल हेराल्ड का पब्लिकेशन बंद हो गया, क्योंकि वो चल नहीं रह था। उसके बाद कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड को पब्लिश करने वाली एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड को 90 करोड़ रुपये दिए थे।
कांग्रेस ने राजनीतिक पार्टी होने के बावजूद पार्टी फंड को एक निजी संस्था को दे दिया, जो प्रतिबंधित है। जब कंपनी ने ऋण वापस करने से मना कर दिया, तो पूरी संपत्ति परिवार के नाम करने की कॉरपोरेट साजिश की गई। यंग इंडियन नाम की एक नई कंपनी बनाई गई, जिसमें 38-38 प्रतिशत हिस्सेदारी राहुल गांधी और सोनिया गांधी के पास थी।परिवार ने 90 करोड़ की संपत्ति सिर्फ 50 लाख में खरीद ली।
उन्होंने कहा कि परिवार के एक अन्य सदस्य ने 3 करोड़ में कृषि योग्य जमीन खरीदी और उसका व्यवसायिक प्रमाणन कराके उसे 58 करोड़ में बेच दिया। यह है ‘विकास का गांधी मॉडल’। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार का पूरा आचरण भ्रष्टाचार का रहा है। शेयर की हेराफेरी करो और संपत्ति बनाओ जबकि ये सारी संपत्ति सरकार द्वारा दी हुई थी।
श्री प्रसाद ने कहा, “हम BJP की ओर से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि क्या कानून को अपना काम नहीं करना चाहिए? हजारों करोड़ की संपत्ति पर आपने गैरकानूनी और गलत तरीके से कब्जा कर लिया है, तो क्या हमें इसपर चुप रहना चाहिए।”
BJP नेता ने कहा कि एक बात जो याद रखनी चाहिए वो ये कि सोनिया और राहुल गांधी जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने जांच को खत्म करने की हरसंभव कोशिश की। अदालत ने उन्हें सिर्फ़ इतनी राहत दी कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने की ज़रूरत नहीं थी। जांच चार साल से चल रही है और अभी तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इन मूर्खतापूर्ण विरोध प्रदर्शनों में शामिल होकर खुद को मूर्ख नहीं बनाना चाहिए। यह देश उनका नहीं है, और न ही सोनिया गांधी और न ही राहुल गांधी देश के कानून से ऊपर हैं।
श्री प्रसाद ने इस पूरे मामले की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह मामला कोई अचानक सामने नहीं आया है। इसकी शुरुआत 1 नवंबर, 2012 को BJP नेता डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा दिल्ली की एक अदालत में दर्ज कराई गई शिकायत से हुई थी, जब कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सत्ता में था।
आरोप यह था कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने एक नई गठित कंपनी यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से नेशनल हेराल्ड अखबार के प्रकाशक एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड का अधिग्रहण करने के लिए धोखाधड़ी की गतिविधियों में लिप्त रहे, जिसमें उनकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी थी।

