मथुरा (उत्तर प्रदेश)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में गौ संरक्षण, पशु आयुर्वेद, पंचगव्य अनुसंधान और आधुनिक पशु चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया। वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया।
गौ संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी पावन भूमि से संपूर्ण मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति उनके प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी जुड़ा हुआ है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति इस विचार को धरातल पर उतारने के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।
प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान का होगा समन्वय
मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति गौ सेवा को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि इसे आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वर्तमान समय में आवश्यकता है कि हमारी प्राचीन परंपराएं और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें। आयुर्वेद के पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की नई संभावनाएं विकसित हों।
उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं। इनसे पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी। यहां से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ नए विचारों को भी प्रोत्साहित करेंगे।
हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित कर रही सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखंड और ब्रजभूमि को जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं।
उन्होंने उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना के पवित्र जल में स्नान करने के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण ठोस प्रयासों से संभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि इसके लिए धरातल पर ठोस कार्य करने से संभव है। नदियों का संरक्षण, गोवंश का संवर्धन और अनुसंधान को नई दिशा देना हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किए जा रहे कार्य उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सभी सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कई प्रमुख संत और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारी, गौ सेवक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

