*हापुड़ गंगा मेले की ड्यूटी से लौटे यूपी पुलिस के सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा कोहराम*
Amroha News चंदनपुर/हसनपुर:- जनपद अमरोहा के थाना रहरा क्षेत्र के गांव चंदनपुर खादर में मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव फूलपुर निवासी प्रदीप कुमार पुत्र गजराम के रूप में हुई है। वर्तमान में उनकी तैनाती फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ क्षेत्र स्थित थाना मऊ दरवाजा में थी।
जानकारी के मुताबिक, प्रदीप कुमार ने चंदनपुर खादर स्थित चीनी मिल के पास अपना मकान बना रखा था, जहां उनकी पत्नी सुजाता अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। इन दिनों प्रदीप कुमार की ड्यूटी हापुड़ गंगा मेले में लगी हुई थी। मंगलवार 24 नवंबर को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने घर चंदनपुर खादर पहुंचे थे।
पत्नी सुजाता के अनुसार, रात में प्रदीप ने सामान्य रूप से भोजन किया और बिल्कुल ठीक हालत में सो गए थे। लेकिन बुधवार सुबह जब उन्हें जगाने का प्रयास किया गया तो उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। जांच करने पर उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर सूचना दर्ज कर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अमरोहा मोर्चरी भेज दिया।
थाना अध्यक्ष अमित कुमार तोमर ने बताया कि सिपाही की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने बताया कि प्रदीप कुमार ने वर्ष 2011 में होमगार्ड के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। करीब 10 वर्ष तक होमगार्ड में सेवा देने के बाद वर्ष 2021 में उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर हुआ था। उनकी अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

