Sahaswan Crime: सच दिखाने पर भड़के जिम्मेदार: गौशाला की बदहाली उजागर करने वाले पत्रकार को दी जान से मारने की धमकी
ग्राम प्रधान पर गाली-गलौज और जाति-सूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप
सहसवान। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम वैरपुर मानपुर स्थित गौशाला में गोवंशों के लिए चारे और पानी की अव्यवस्थाओं की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार को कथित रूप से धमकाने का मामला सामने आया है। पत्रकार ने ग्राम प्रधान मुमताज अली पुत्र मुंशी पर फोन पर गाली-गलौज करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पत्रकार का आरोप है कि गौशाला की अव्यवस्थाओं की कवरेज के बाद ग्राम प्रधान मुमताज अली ने मोबाइल फोन पर उनके साथ गाली-गलौज की।साथ ही लाठी-डंडे लेकर घर पहुंचकर मारने और जान से खत्म करने की धमकी दी।आरोप है कि ग्राम प्रधान ने जाति-सूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए कहा कि गांव के एक व्यक्ति को भी झूठे मुकदमे में फंसाया है और तुम्हें भी फंसा दूंगा।
पत्रकार का कहना है कि ग्राम प्रधान द्वारा फोन पर दी गई धमकी और गाली-गलौज की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है।उन्होंने मामले की शिकायत थाना पुलिस से करने तथा ऑडियो रिकॉर्डिंग को जांच के लिए उपलब्ध कराने की बात कही है।
पत्रकार ने पुलिस प्रशासन से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

