लखनऊ। बरेली की आंवला लोकसभा सीट से भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप मंगलवार को अपनी बेटी कीर्ति कश्यप और समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई और इसे सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती देने वाला कदम बताया। बहुजन समाज पार्टी के आबिद अली ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की।
धर्मेंद्र कश्यप 2014 और 2019 में आंवला से लोकसभा सांसद रहे हैं; 2024 के चुनाव में उन्हें आंवला सीट से बहुत कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। वह मई 2013 में सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अखिलेश यादव ने कहा कि आंवला में 2024 में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले तीन प्रमुख चेहरे — धर्मेंद्र कश्यप, नीरज मौर्य और सैयद आबिद अली — आज एक मंच पर हैं। कश्यप ने कहा कि राज्य में खराब कानून-व्यवस्था के कारण लोग भाजपा सरकार से तंग आ चुके हैं। अखिलेश ने दावा किया कि जिस दिन चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा, उसी दिन भाजपा की हार तय हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: कानपुर में नकली सीमेंट कारोबार का खुलासा | योगी कैबिनेट के 22 फैसले: 4 लिंक एक्सप्रेसवे, रोबोटिक्स पार्क

