Buduan News: बदायूं-बरेली सीमा पर यूरिया की 89 बोरियों से भरा वाहन जब्त
बदायूं।बदायूं-बरेली जिले की सीमावर्ती ग्राम मुझियाना के आगे बरेली की ओर जा रही पिकअप को बृहस्पतिवार की रात कृषि विभाग की टीम ने पकड़ लिया। पिकअप में यूरिया की 89 बोरियां लदी थीं। अधिकारियों के मुताबिक, इसे कालाबाजारी कर ले जाया जा रहा था।
जिला कृषि अधिकारी ने वाहन चालक विजय सिंह पुत्र छिद्दालाल निवासी ग्राम झिझरी जनपद बरेली से पूछताछ की। चालक ने बताया कि यूरिया ग्राम मोहम्मदी स्थित उर्वरक विक्रेता मेसर्स राजपूत बीज भंडार के विक्रेता सुरेश वर्मा निवासी ग्राम मुझियाना की ओर से उपलब्ध कराई गई है।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि चालक अनुदानित उर्वरक यूरिया से संबंधित कोई भी अभिलेख दिखाने में असमर्थ रहा।टीम ने नमूना लेते हुए यूरिया के 89 बैग मय वाहन के जब्त कर लिए।कार्रवाई के दौरान जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत, प्रधान सहायक संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ सहायक संजीव कुमार, कनिष्ठ सहायक अंकित कुमार, प्रभारी राजकीय कृषि बीज भंडार बिनावर चरण सिंह यादव, प्राविधिक सहायक धर्मेंद्र कुमार,एटीएम ऋषिदेव एवं महेंद्र सिंह उपस्थित रहे।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

