Buduan News: स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्यवाई, छह अवैध निजी अस्पताल, डिजिटल एक्स-रे सेंटर और डेंटल क्लीनिक सील
बदायूं। अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहर और बिसौली क्षेत्र में छह और निजी अस्पताल, डिजिटल एक्स-रे सेंटर और डेंटल क्लीनिक को सील कर दिया।ये सभी अवैध रूप से बिना पंजीयन के संचालित हो रहे थे।इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में खलबली है। पांच अन्य निजी अस्पतालों के संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।वहां भी कमियां मिली हैं।
सीएमओ के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम ने सदर और बिसौली क्षेत्र में अवैध निजी अस्पताल का निरीक्षण किया।टीम में एसीएमओ डॉ.श्रीमोहन झा, डिप्टी सीएमओ डॉ. पवन कुमार जायसी और डिप्टी सीएमओ डॉ. नवनीत कुमार ने अलग-अलग स्थानों पर अस्पतालों की जांच की।स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहर के नवादा स्थित सायरा हॉस्पिटल, सैदपुर स्थित सिया आरोग्यम हेल्थ केयर सेंटर, बिसौली के राम डिजिटल एक्स-रे, सिद्धि विनायक डिजिटल एक्स-रे और मेडिकेयर अस्पताल को सील कर दिया।इसके अलावा वजीरगंज क्षेत्र में शर्मा जी डेंटल क्लीनिक भी सील की गई है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

