गंगा मेला तिगरी-2026 का भव्य एवं सकुशल समापन, जिलाधिकारी डॉ0 नितिन गौड़ ने मीडिया बंधुओं के प्रति व्यक्त किया आभार*
*मेले की व्यवस्थाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका सराहनीय, सकारात्मक सहयोग एवं सहभागिता के लिए पत्रकारों को दिया धन्यवाद*
अमरोहा, 24 नवंबर 2026 (सू0वि0)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र राजकीय गंगा मेला तिगरी-2026 का कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं द्वारा गंगा स्नान के साथ भव्य एवं सकुशल समापन हो गया। मेले के सफल आयोजन एवं समापन के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ0 नितिन गौड़ ने समस्त मीडिया बंधुओं के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ0 नितिन गौड़ ने पुलिस अधीक्षक श्री लखन सिंह यादव एवं जिला सूचना अधिकारी मो0 दानिश की उपस्थिति में पत्रकार बंधुओं के साथ खिचड़ी भोज किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए मेले की तैयारियों, व्यवस्थाओं, चुनौतियों एवं इस वर्ष किए गए विभिन्न सुधारों पर चर्चा की तथा मेले के दौरान मीडिया बंधुओं द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजकीय गंगा मेला तिगरी जनपद की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता वाले इतने बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के साथ-साथ मीडिया की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। मीडिया बंधुओं ने मेले के दौरान प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों से संबंधित समाचारों, फोटो एवं वीडियो के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां जन-जन तक पहुंचाईं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले में पिछले वर्षों की तुलना में कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में सुधार एवं विस्तार किया गया। मेले को 24 सेक्टरों में व्यवस्थित किया गया, सड़कों को चौड़ा किया गया, यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाया गया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। विशेष रूप से नेटवर्क एवं इंटरनेट सुविधा में सुधार और तिगरी-गढ़ गंगा को जोड़ने वाले पांटून पुल की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण एवं सुविधा का केंद्र रही। इन सभी सकारात्मक बदलावों एवं व्यवस्थाओं को मीडिया बंधुओं ने प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित कर मेले की भव्यता और बेहतर प्रबंधन को व्यापक पहचान दिलाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ होने के साथ ही प्रशासन और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। पत्रकार बंधुओं द्वारा मेले के दौरान निरंतर सहयोग, सकारात्मक सुझाव एवं रचनात्मक सहभागिता प्रदान की गई। उनके अनुभवों एवं सुझावों से भविष्य में भी ऐसे बड़े आयोजनों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के समस्त पत्रकारों, छायाकारों एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजकीय गंगा मेला तिगरी-2026 का शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न होना जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों एवं बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने मीडिया बंधुओं से भविष्य में भी इसी प्रकार सकारात्मक सहयोग एवं सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

