पंचायत भवन बना शोपीस, ताले में कैद सरकारी सुविधाएं
Amroha News सूवरा में भवन बनने के बाद से नहीं खुला ताला, कूड़े और उपलों के ढेर से घिरा परिसर
संवाददाता आदमपुर समर इंडिया
गंगेश्वरी। ग्राम पंचायत सूवरा में लाखों रुपये की लागत से बनाया गया पंचायत भवन ग्रामीणों के काम आने के बजाय शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन बनने के बाद से अब तक यहां पंचायत सहायक, ग्राम प्रधान और सचिव के नियमित बैठने की व्यवस्था नहीं हो सकी है। मुख्य गेट पर लंबे समय से लटका ताला अब जंग खा चुका है।
Amroha village history:दो नामों की एक कहानी : गारबपुर उर्फ रुस्तमपुर, जहाँ बहादुरी से पड़ा रुस्तमपुर
पंचायत भवन का उपयोग नहीं होने से ग्रामीणों को परिवार रजिस्टर, राशन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों से जुड़े काम के लिए निजी दुकानों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी सुविधा के लिए बनाया गया भवन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते खुद उपेक्षा का शिकार हो रहा है।
लाइब्रेरी की सुविधा तक नहीं, जिससे बच्चों को पढ़ाई के लिए उचित स्थान नहीं मिल पा रहा है। परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर और उपलों के बिटोरे लगे हैं। लंबे समय से बंद पड़े भवन की हालत भी धीरे-धीरे जर्जर होने लगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पंचायत भवन का संचालन शुरू नहीं कराया गया तो सरकारी धन से बना भवन और सुविधाएं दोनों बेकार हो जाएंगी। उन्होंने जिम्मेदारों से भवन को नियमित रूप से खुलवाकर पंचायत स्तर की सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
एडीओ पंचायत भगत सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

