सीओ सिटी के नाम पर 1.40 लाख की वसूली में अमन संग चार पर चार्जशीट
बदायूं।सीओ सिटी के नाम पर 1.40 लाख रुपये की वसूली के मामले में पुलिस ने अमन मयंक शर्मा सहित चार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए। अगस्त में एफआईआर दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
मामले में अमन मयंक शर्मा निवासी मोहल्ला चौबे,सदर कोतवाली,अजय शर्मा निवासी गांव बरा तेगदार, थाना सिविल लाइंस, शिवकांत शर्मा निवासी गांव महरौली, थाना मूसाझाग और अंकुर उपाध्याय को आरोपी बनाया गया है।पुलिस के अनुसार अमन समेत अन्य आरोपी खुद को भाजपा का वरिष्ठ नेता बताकर लोगों पर प्रभाव जमाते थे।नेताओं और अधिकारियों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर अपना प्रभाव दिखाते थे।आरोप है कि इसी के सहारे लोगों से वसूली भी की जाती थी।पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए।
दुष्कर्म के झूठे मुकदमे की धमकी:-पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने तत्कालीन सीओ सिटी राहुल पाण्डेय के नाम पर एक व्यक्ति को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 1.40 लाख रुपये लिए थे।आरोपियों की गतिविधियां एसएसपी कार्यालय के आसपास भी रहती थीं।मुकदमा दर्ज होने के बाद अमन,शिवकांत और अजय को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि विवेचना पूरी करने के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

