दबंगई: खेत पर मजदूर दंपती को बेरहमी से पीटा, महिला का हाथ फ्रेक्चर, कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार में दहशत
बदायूं।जिले के सहसवान थाना क्षेत्र से कानून-व्यवस्था और पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है।यहाँ के ग्राम कौल्हार निवासी एक गरीब दंपती अपने खेत में मजदूरी कर रहे थे।तभी मुहम्मदपुर उधा ग्राम के कुछ दबंगों ने दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया।इस मारपीट में पीड़ित महिला का हाथ फ्रैक्चर होने तथा हथेली में गंभीर चोटें आई हैं,जिसमें टांके लगे हैं।घटना के दो सप्ताह से अधिक बीत जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से आहत पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
खेत पर काम करते समय किया हमला:-प्राप्त विवरण के अनुसार, सहसवान तहसील के ग्राम कौल्हार निवासी गीता पत्नी सत्यपाल ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है।शिकायत में कहा गया है कि गत 1 सितंबर 2026 को वह अपने पति सत्यपाल के साथ खेत पर मजदूरी कर रही थीं।इसी दौरान मुहम्मदपुर उधा गांव के ही दबंग चंद्रपाल, इन्द्रपाल, नेमसिंह (पुत्रगण तेजराम) और ओमवीर (पुत्र चंद्रपाल) वहां लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और दंपती के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी। दबंगों की इस बर्बरता के कारण गीता के एक हाथ में फेक्चर और हथेली में गंभीर चोट आई थी|

खौफ के साए में जीने को मजबूर पीड़ित परिवार:-गीता ने अपनी शिकायत में बताया कि पुलिस की इस ढीली कार्रवाई के कारण सभी नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।गिरफ्तारी न होने से उनके हौसले बुलंद हैं और वे आए दिन पीड़ित दंपती को जान से मारने तथा दोबारा खेत पर दिखने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहे हैं।दबंगों के इस खौफ के कारण पीड़ित परिवार ने डर के मारे खेत पर जाना भी छोड़ दिया है,जिससे उनके सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।
एसएसपी से सख्त कार्रवाई की मांग:-पीड़िता ने मारपीट के दौरान आई चोटों के साक्ष्य और फोटो भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में दर्ज एनसीआर में मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कड़ी धाराएं बढ़ाई जाएं साथ ही आरोपियों के खिलाफ मुकदम दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा मिल सके।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

