देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के मौके पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके साथ काफी समय बिताया। इस दौरान बच्चों का स्नेह देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
बच्चों के साथ काटा केक, जाना हाल
मुख्यमंत्री धामी को अपने बीच देखकर संस्थान के बच्चे काफी उत्साहित और खुश नजर आए। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने बच्चों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को पहचानने के लिए प्रोत्साहित भी किया। बच्चों के साथ बातचीत और उनके स्नेह के बीच मुख्यमंत्री धामी भावुक हो गए। इस दौरान उनकी आंखें नम हो गईं। बच्चों की खुशी और उनके साथ बिताए समय ने उनके जन्मदिन को खास बना दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों का प्यार और उनके चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी उनके लिए जन्मदिन का सबसे खास और यादगार उपहार है। ,

