उझानी के मेंथा कारोबारी की कोठी व गोदाम पर एसआईबी का छापा, अभिलेख कब्जे में लिए
बदायूं।बरेली जीएसटी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (एसआईबी) की टीम ने उझानी के मोहल्ला श्रीनारायणगंज निवासी मेंथा के बड़े कारोबारी मनोज गोयल की कोठी व गोदाम पर मंगलवार शाम छापा मारा।काेठी से होकर उनके मेंथा गोदाम तक एसआईबी टीम डिप्टी कमिश्नर रोहित कुमार के नेतृत्व में जांच करने पहुंची।देर रात जांच पड़ताल के बाद टीम ने बरामद दस्तावेज कब्जे में ले लिए।12 सदस्यीय टीम डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में मेंथा कारोबारी मनोज गोयल की कोठी पहुंचीं। कोठी के अंदर से भी गोदाम की तरफ रास्ता है। वैसे सड़क की तरफ बड़ा शटर लगाकर गोदाम का गेट भी है।जिस वक्त टीम वहां पहुंची,तब गोदाम का शटर गिरा हुआ था, इसलिए टीम कोठी के अंदर से ही गोदाम तक पहुंचीं।
जीएसटी एवं जीएसटी रिटर्न भरने में कई वर्षों से मिस मैच होने की सूचना पर टीम जांच करने पहुंची।टीम ने गोदाम में शुरू करते ही लोगों के आने जाने पर रोक लगा दी।टीम की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने पूरी गली को घेर लिया।टीम ने माल की खरीद बिक्री और स्टॉक का मिलान किया।अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एसआईबी की टीम को अभिलेखों की जांच में कई खामियां मिली हैं। कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद ही टैक्स चोरी से पर्दा उठने की बात सामने आई है। इधर, मनोज गोयल के छोटे भाई नितीश गोयल उर्फ गोपाल ने बताया कि एसआईबी का मेंथा गोदाम पर सर्वे चल रहा है।
फैक्टरी में आग लगने के बाद घर से कारोबार करने की चर्चा:-कई साल पहले कारोबारी की मेंथा फैक्टरी में आग लग गई थी, जिसमें बड़ा नुकसान हुआ था।चर्चा है कि इसके बाद से कारोबार घर से शुरू कर दिया। स्थानीय राज्य कर सचल दल की टीम कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी,लेकिन सचल दल सड़क पर जा रहे माल पर ही कार्रवाई कर सकती है।ऐसे में मामला एसआईबी तक पहुंचा।इसके बाद एसआईबी ने छापा मारकर जांच शुरू की है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

