लापता विवाहिता खुद पहुंची थाने, बोली- प्रेमी के संग ही रहूंगी, कोर्ट में बयान दर्ज
बदायूं।जरीफनगर। थाना क्षेत्र के एक गांव से 20 दिन पूर्व लापता हुई 21 वर्षीय विवाहिता की बरामदगी के लिए परिजनों ने पांच सितंबर को एसएसपी अंकिता शर्मा से गुहार लगाई थी।पुलिस सक्रिय होती, उससे पहले ही विवाहिता खुद थाना जरीफनगर पहुंच गई।थाने पहुंचकर सीमा ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और मर्जी से गई थी।अपने प्रेमी संग ही रहना चाहती है।पुलिस ने कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस ने विवाहिता के हवाले से बताया कि उसकी शादी 7-8 माह पूर्व थाना क्षेत्र के एक ग्राम में हुई थी,लेकिन शादी से करीब दो वर्ष पहले से ही उसका इंस्टाग्राम पर एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था।प्रेमी के साथ ही वह घर से गई थी और अब वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है।पुलिस के अनुसार युवती बालिग है और उसने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई है।पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर लिया है।उसने अपहरण से इन्कार किया है, इसलिए पुलिस ने उसे सहसवान न्यायालय में पेश किया है। बता दें कि सीमा के लापता होने पर परिजनों ने थाना जरीफनगर में 24 अगस्त को गुमशुदगी दर्ज कराई थी।इधर,सहसवान सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला मिल गई है।बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

