बदायूं में बिरयानी खाने के बहाने एक करोड़ की चोरी, मेरठ के सराफा कारोबारी का चालक और दोस्त गिरफ्तार
बदायूं।जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दास डिग्री कॉलेज के पास खड़ी कार से एक करोड़ की चोरी में बड़ा खुलासा हुआ है।मेरठ के सराफा कारोबारी शेख दिलावर हुसैन के चालक ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर एक करोड़ रुपये हड़पने के लिए साजिश रची थी।
आरोपी चालक ने बदायूं के सराफा कारोबारी को सोना बेचकर मिली रकम हड़पने के लिए कार से बैग चोरी कराया था। इस प्रकरण में चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने चोरी के दोनों आरोपियों के पास 101.68 ग्राम सोना (कीमत लगभग 21 लाख रुपये) और 79 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।पुलिस के मुताबिक मेरठ के सराफा कारोबारी शेख दिलावर हुसैन के यहां चालक का काम करने वाले आरिफ अंसारी 10 सितंबर को सराफा की कार से कारीगर सरफराज के साथ बदायूं माल देने और लेने आया था।माल को मेरठ वापस ले जाने से पहले ही आरिफ ने अपने रिश्तेदार वसीम अंसारी के साथ माल चोरी करने की साजिश रची।

आरिफ ने बिरयानी खाने के बहाने रोकी थी कार:-बदायूं से मेरठ लौटते समय दास कॉलेज के पास आरिफ ने बिरयानी खाने के बहाने कार रोककर खड़ी दी। साजिश के तहत कार को लॉक नहीं किया और सरफराज को अपने साथ बिरयानी खाने दुकान पर ले गया। दोनों के जाने के बाद वसीम कार से पीछे से वहां पहुंचा और गाड़ी में रखी 85 लाख नकदी व 21 लाख से अधिक के कीमती सोने के जेवरात चोरी कर वहां से फरार हो गया।साजिश के तहत कार का शीशा अंदर से तोड़ दिया था।चोरी को सामान्य घटना दिखाने के लिए आरोपियों ने ऐसा किया। चोरी के बाद वसीम नकदी और जेवरात लेकर बदायूं में ही कहीं छिप गया।शनिवार को दोनों आरोपी चोरी का माल लेकर कार से मेरठ जा रहे थे।इसी दौरान सिविल लाइंस पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से नकदी-सोना बरामद:-एसएसपी अंकिता शर्मा ने शनिवार को घटना का खुलासा किया।उन्होंने बताया कि आरिफ के कब्जे से 101.68 ग्राम सोने के जेवरात बरामद हुए।वहीं, वसीम के कब्जे से 500-500 रुपये के नोटों की 100 गड्डियों में 50 लाख रुपये मिले।कार से 500-500 रुपये की 57 गड्डियां और 100-100 रुपये की पांच गड्डियों में 29 लाख रुपये बरामद हुए।आरोपियों की कार से एक पिलास भी मिला है।पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाकर कार्रवाई कर रही है।दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी अंकिता शर्मा ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी
Related