आरोपी के परिजनों को पीटा, दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित; एसएसपी अंकिता शर्मा ने की कार्रवाई
बदायूं। जरीफनगर थाने की बस्तोई चौकी क्षेत्र में एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टांसेस) के आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश देने की गए पुलिसकर्मियों ने आरोपी के नहीं मिलने पर उसके परिवार को पीटा और अभद्र व्यवहार किया। शिकायत मिलने के बाद कराई गई जांच में पुलिसकर्मी दोषी पाए गए।जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने आज रविवार को दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
आरोपी के घर पर दी थी दबिश:-जानकारी के मुताबिक,बस्तोई सीकरी चौकी क्षेत्र का निवासी उदयप्रकाश एनडीपीएस एक्ट का आरोपी है। वह छह महीने पहले बुलंदशहर में जेल गया था।जेल से बाहर आने के बाद वह गांव में रह रहा था। जानकारी होने पर बस्तोई सीकरी चौकी के उपनिरीक्षक मनीष भारद्वाज ने सिपाही हरीश, सुरजीत, संदीप भाटी और लोकेश को साथ लेकर आरोपी के घर पर दबिश दी।आरोपी घर पर नहीं मिला।
परिजनों को पीटने का आरोप:-परिजनों का आरोप है कि उदयप्रकाश के नहीं मिलने पर पुलिसकर्मियों ने उसे छुपाने की बात कहकर परिवार के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।घटना के बाद परिवार की शिकायत पर जांच कराई गई।जांच में पुलिसकर्मियों की ओर से की गई अभद्रता और मारपीट की सच्चाई सामने आ गई।जिसके बाद सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह की रिपोर्ट पर एसएसपी ने दरोगा समेत पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

