उत्तराखंड: आस्था और भक्ति के प्रतीक श्री राजराजेश्वरी माँ नन्दा जात यात्रा में श्रद्धालुओं का जत्था देव डोलियों के साथ उल्लासपूर्वक अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है। पहाड़ की कठिन चढ़ाइयों, संकरी पगडंडियों और दुर्गम रास्तों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) के जवान पूरी मुस्तैदी से उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं।
यात्रा मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा पुलिसकर्मी देव डोलियों और भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलते हुए हर मोड़ पर सुरक्षा की कमान संभाले हुए हैं। वहीं, एसडीआरएफ की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर यात्रा के साथ-साथ चल रही हैं, ताकि मुश्किल रास्तों पर किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
विश्राम पड़ावों पर भी पुख्ता इंतजाम दिन भर की कठिन यात्रा के बाद जहां भी देव डोलियां और श्रद्धालु रात्रि विश्राम के लिए रुकते हैं, वहां पहले से ही पर्याप्त पुलिस बल और एसडीआरएफ की तैनाती सुनिश्चित की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य भीड़ को सुव्यवस्थित करना, यातायात व्यवस्था संभालना और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।
प्रशासन और पुलिस बल श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का सम्मान करते हुए उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं, ताकि यह पावन यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।

