धनौरा (अमरोहा)। पशुओं में फैल रही लम्पी त्वचा बीमारी और बांझपन की समस्या की रोकथाम को लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ और पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम शरीफ पुर शुमाली में निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर को इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड का वित्तीय सहयोग मिला। कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का शुभारंभ माननीय विधायक श्री राजीव तरारा जी की प्रेरणा से प्रधान पति श्री विनोद नागर द्वारा गौ पूजन कर किया गया। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय के तकनीकी सहयोग और पशुपालन विभाग के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों को गांव में ही बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। श्री जसपाल सिंह ने कहा कि लम्पी रोग की रोकथाम के लिए जिले में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से समय पर टीकाकरण कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की। पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की विशेषज्ञ टीम दूरस्थ क्षेत्रों तक आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के साथ पशुपालकों को रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक कर रही है। वेटेरिनरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. अमित कुमार वर्मा ने बताया कि लम्पी वायरस से पशुओं के शरीर पर गांठें पड़ जाती हैं, जो बाद में घाव का रूप ले सकती हैं। मच्छर, मक्खी और खून चूसने वाले कीट इसके प्रसार में प्रमुख भूमिका निभाते हैं। तेज बुखार, आंख-नाक से पानी आना और मुंह से लार निकलना प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने पशुशाला की नियमित सफाई, कीट नियंत्रण, नीम के पानी से पशुओं को नहलाने तथा प्रत्येक पशु को प्रतिदिन 50 ग्राम खनिज मिश्रण और संतुलित आहार देने की सलाह दी। डॉ. दीपाक्षी, डॉ. भागेश सिंह, डॉ. अफरोज, डॉ. शुभमदीप, डॉ. आशुतोष राय, डॉ. इशिता एवं डॉ. ईशान ने 200 से अधिक पशुओं की जांच एवं उपचार किया। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ आभा दत्त द्वारा पशु पालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया।शिविर का आयोजन पशु चिकित्साधिकारी डॉ. भागेश सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
Amroha News-लम्पी से बचाव को गांव पहुंची पशु चिकित्सकों की टीम
By Manoj Kumar
On: September 10, 2026 6:24 PM

---Advertisement---
