Amroha News : अमरोहा: डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोया कस्बे में एक मोमोज विक्रेता को सरेआम थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) लखन सिंह यादव ने सख्त कार्रवाई की है और आरोपी यातायात सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो में थप्पड़ मारते दिखा सिपाही जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात जोया कस्बे में यातायात पुलिस में तैनात सिपाही राजीव कुमार ने एक मोमोज विक्रेता की कथित तौर पर पिटाई कर दी थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में सिपाही राजीव कुमार मोमोज विक्रेता को कई थप्पड़ जड़ते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।
एसपी की सख्त कार्रवाई, दिए जांच के आदेश वीडियो सामने आने के बाद एसपी लखन सिंह यादव ने मामले को गंभीरता से लिया। बुधवार शाम करीब 6 बजे आरोपी सिपाही राजीव कुमार को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही एसपी ने पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
‘जनता के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं’ इस कार्रवाई के जरिए पुलिस विभाग में एक सख्त संदेश दिया गया है। एसपी लखन सिंह यादव ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान आम जनता के साथ बदतमीजी या अनुशासनहीनता करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को हिदायत दी है कि वे ड्यूटी के दौरान आम लोगों के साथ पूरी शालीनता और जिम्मेदारी के साथ पेश आएं।

