खुद को भाजपा नेता बताकर रुपये वसूलने वाले अमन की पुलिस खोल सकती है हिस्ट्रीशीट
पुलिस अमन के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड व उसकी गतिविधियां और संपर्कों की भी जुटा रही जानकारी
बदायूं।वरिष्ठ भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों पर रौब जमाने और रुपये वसूलने के मामले में गिरफ्तार अमन उर्फ मयंक शर्मा की पुलिस हिस्ट्रीशीट खोल सकती है।पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ ही उसकी गतिविधियों और संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।साथ ही उससे जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।

सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बरातेगदार निवासी अजय शर्मा और चौबे मोहल्ला निवासी अमन उर्फ मयंक शर्मा को गिरफ्तार किया था।आरोप है कि दोनों ने अंकुर उपाध्याय के साथ मिलकर प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों के नाम का हवाला देते हुए कुंवरगांव क्षेत्र के कैली गांव निवासी संतोष कुमार पाल पर दबाव बनाया। दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मामला निपटाने के नाम पर उससे 1.40 लाख रुपये वसूले। पुलिस ने अजय से 50 हजार और अमन से 57 हजार रुपये बरामद किए हैं।जांच में सामने आए, चौथे नाम शिवकांत को भी पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके पास से 5100 रुपये बरामद किए थे।इधर, एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि प्रकरण में जांच कराई जा रही है।जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।अमन की हिस्ट्रीशीट भी खोली जा सकती है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

