बदायूं: पेड़ पर फंदे से लटका मिला किसान का शव, पत्नी ने कहा- कर्ज के कारण परेशान थे
बदायूं।थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव फरीदापुर सानी निवासी मुकेश कुमार (40 वर्ष) की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।उनका शव गांव किनारे पेड़ पर फंदे के सहारे लटका मिला।उनके पैर जमीन पर टिके और घुटने झुके मिले थे।परिजनों के मुताबिक मुकेश पर बहुत कर्ज था।कर्ज के बोझ से दबने की वजह से उनकी आर्थिक स्थिति ज्यादा खराब हो गई थी।पट्टे की जमीन भी गिरवी रख दी थी।
मृतक मुकेश की पत्नी पिंकी ने बताया कि कर्ज की वजह से साढ़े तीन बीघा पट्टे की जमीन गिरवी रख दी थी। मुकेश ने कुछ गांव के लोगों से कर्जा ले लिया था।कर्ज समय पर दे नहीं सके थे,जिससे वह शराब पीने लगे थे। परिवार में पांच बच्चों के साथ माता-पिता भी हैं।कर्ज की वजह से कोई काम धंधा भी नहीं हो पा रहा था।ऐसे में परिवार का गुजारा करना बेहद मुश्किल हो रहा था।हर महीने ब्याज का पैसा,समूह की किस्त भरना मुश्किल हो गया।चिंता दिन व दिन बढ़ती गई।
पत्नी ने बताया कि मुकेश शुक्रवार की शाम घर से गए थे। देर रात तक नहीं लौटे। आशंका जताई गई है कि कर्ज के बोझ से परेशान होकर मुकेश कुमार ने रात्रि में ईंट भट्ठे से 200 मीटर दूरी पर पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। मूसाझाग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

