आंबेडकर की प्रतिमा लगाने के लिए ढाई घंटे किया था बवाल, नौ आरोपी भेजे गए जेल, अन्य की तलाश जारी
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी में बिना अनुमति आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर मंगलवार को हुए बवाल के बाद बुधवार को गांव में पुलिस तैनात रही।पुलिस ने मामले में दो एफआईआर दर्ज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी सुभाष कुमार की ओर से दर्ज मुकदमे में 10 महिलाओं समेत 32 नामजद व अज्ञात आरोपी हैं।इन पर बलवा,हत्या के प्रयास और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस ने रात में ही मुनेश कुमार,अमरपाल,उदयवीर,मोहित सिंह,नेमसिंह,मेघ सिंह, अमन,शिवम व दिनेश को गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया,जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। दूसरी एफआईआर प्रशासक ने चार आरोपियों पर जमीन कब्जाने व साजिश की दर्ज कराई है।एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि गांव में शांति है और बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

बवाल के बाद गांव की गलियों में सन्नाटा:-राजा की सीकरी गांव में बवाल-पथराव के बाद बुधवार को भी तनावपूर्ण माहौल बना रहा। गिरफ्तारी के डर से नामजद ग्रामीण घरों से गायब रहे। गांव की गलियां सूनी नजर आईं। यहां तक कि गांव के अंदर की दुकानें भी बंद रहीं। अधिकांश लोग अपने घरों के अंदर ही रहे।गांव में सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल और आवाजाही दिखाई नहीं दी।एहतियातन पुलिस और पीएसी के जवान गांव में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे।हर गतिविधि पर नजर रखी गई।
ग्रामीणों को भड़काकर कराया गया था बवाल:-सरकारी भूमि पर कब्जा करने की नीयत से कुछ ग्रामीणों ने गांव की महिला-पुरुषों को भड़काकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने के नाम पर बवाल कराया।पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने प्रतिमा लगाने के लिए ग्रामीणों को निजी भूमि उपलब्ध भी कराई थी। पूर्व प्रधान अपनी भूमि देने को तैयार थे, लेकिन माहौल खराब करने की साजिश रचने वालों ने ऐसी चिंगारी भड़काई कि विवाद मंगलवार की शाम बवाल और पथराव में बदल गया।अब पुलिस की कार्रवाई के डर से खुराफाती गांव छोड़कर भाग गए हैं।उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
बुधवार को गांव में घरों के दरवाजे बंद रहे। घटनास्थल की कुछ दूरी पर एक पेड़ के नीचे कुछ ग्रामीण बैठकर दूर से ही अधिकारियों के आवागमन को देखते रहे। घटनाक्रम की भी चर्चा करते रहे।गांव की मुख्य सड़क पर पत्थर पड़े दिखाई दिए।एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम प्रियंका और सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।एसडीएम और सीओ गांव में ही कैंप करते रहे।
सरकारी भूमि पर कब्जा करने के चल रहे थे प्रयास:-गांव सीकरी में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास पिछले काफी दिनों से चल रहा था। इसके लिए गांव के ही एक समाज के लोगों की ओर से प्रधान से हस्ताक्षर कराने के भी प्रयास किए गए। गांव में प्रतिमा लाकर रख ली गई। इसके बाद भी किसी को उनकी ओर से भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने के बहाने भूमि कब्जा करने की भनक नहीं लग सकी।मंगलवार को प्रतिमा स्थापित होने के बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी 
