Rain Alert-भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि बुधवार, 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड सहित 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सतती है। IMD ने बुधवार के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि राज्य के दक्षिण-पूर्वी ज़िलों में कहीं-कहीं 21 सेंटीमीटर से ज़्यादा बहुत भारी बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, मॉनसून ट्रफ़ उत्तरी भारत में फैले कई ऊपरी-हवा वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ मिल रहा है। तेज बारिश के लिए बना सिस्टम अगले 24 घंटों में झारखंड और बिहार से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और फिर कमज़ोर पड़कर एक कम दबाव वाला क्षेत्र में बदल जाएगा।
मौसम विभाग ने बताया है कि, बंगाल की खाड़ी में बने विक्षोभ के कारण बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में भी आज कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए भी बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कहां कहां बरसेंगे बादल
दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। लेकिन तेज बारिश होने की संभावना नहीं है, दिल्ली एनसीआर में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।
बिहार में 19 और 20 अगस्त को और झारखंड में 20 से 22 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है। गंगा के मैदानी इलाकों में आज भी भारी बारिश का अनुमान है।
उत्तराखंड में आज से लेकर 24 अगस्त तक भारी से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में आंधी, तूफान और बिजली गिरने का अनुमान भी है।
जम्मू-कश्मीर में भी 23 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा।
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18-19 अगस्त के बाद 23 और 24 अगस्त को बारिश के आसार हैं। 22 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आंधी, तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है
हिमाचल प्रदेश में शिमला, मनाली समेत सभी ऊंचाई वाले इलाकों में 22 अगस्त तक बारिश हो सकती है।
हरियाणा और चंडीगढ़ में 19 और 22 अगस्त को बारिश होने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है।
पंजाब में भी बारिश होने की संभावना है।
नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 और 22 अगस्त को अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वांचल में 21 से 24 अगस्त तक तेज बारिश देखने को मिलेगी।
राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़ में भी 21-22 अगस्त को बरसात होने की संभावना है।
ओडिशा में भी 22 अगस्त तक आंधी, तूफान और वज्रपात की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा समेत पूरे इलाके में 24 अगस्त तक मौसम बदला रहेगा।
बारिश होने की वजह क्या है?
मॉनसून ट्रफ़ का पश्चिमी सिरा अभी अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर है, जबकि इसका पूर्वी सिरा सामान्य स्थिति के करीब बना हुआ है। उत्तरी हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पंजाब के ऊपर अतिरिक्त साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से इंडो-गैंगेटिक मैदानी इलाकों में बारिश और तेज़ होने की संभावना है। यह चेतावनी मॉनसून की सक्रिय स्थिति के बाद जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में 21 सेंटीमीटर से ज़्यादा बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बारिश का केंद्र धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ेगा, जिससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हफ़्ते के बाकी दिनों में मॉनसून सक्रिय रहेगा, जबकि बाढ़ की आशंका वाले इलाकों पर कड़ी नज़र रखी जाएगी।

