कांवड़ यात्रा में लापरवाही पड़ी भारी: चौकी पर सोते रहे इंचार्ज रिंकू कुमार, एसएसपी ने किया सस्पेंड
बदायूं।कांवड़ यात्रा के दूसरे रविवार की रात कछला घाट पर कई किमी में जाम लगा था।निरीक्षण के लिए निकले डीएम और एसएसपी के वाहन भी जाम में फंस गए थे।मौके पर कछला चौकी इंचार्ज नहीं मिले थे।बताया गया था कि वे चौकी पर सो रहे हैं।ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर बुधवार को एसएसपी अंकिता शर्मा ने चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह को निलंबित कर दिया।
सावन माह में दूसरे रविवार की रात डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा निरीक्षण करने के लिए कछला गंगा घाट पहुंचे थे। उनके निरीक्षण के दौरान उझानी के आगे जाम लगने की सूचना पुलिस अधिकारियों को मिली। दोनों अधिकारियों ने वहां जाकर देखा तो कछला चौकी इंचार्ज ड्यूटी से नदारद मिले।
जानकारी करने पर पता चला कि चौकी इंचार्ज ड्यूटी के दौरान चौकी पर जाकर सो गए हैं।उनकी अनुपस्थिति में वहां घंटों यातायात बाधित रहा।अधिकारियों की गाड़ियां भी जाम फंस गई थीं। जाम की स्थिति को संभालने के लिए एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। उनके पहुंचने के बाद यातायात को बिल्सी की ओर डायवर्ट किया गया था।घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो पाया था।कांवड़ यात्रा के दौरान अधिकारियों के निर्देश के पालन में कछला चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह की लापरवाही सामने आई थी।
कांवड़ यात्रा की ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के मामले में चौकी इंचार्ज को निलंबित किया गया है।चौकी इंचार्ज ड्यूटी के दौरान चौकी पर जाकर सो गए थे।कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता में है।लापरवाही करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।अंकिता शर्मा, एसएसपी रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

