गोवंश के घायल होने पर भीड़ ने पुलिस के सामने डॉक्टर को पीटकर किया था अर्धनग्न
बदायूं।म्याऊं क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गांव बिचपुरी के पास उसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मेडिकल ऑफिसर (एमओ) डॉ. राहुल सिद्धार्थ की कार से गोवंश टकराकर घायल हो गया।इससे आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने कार पलटने की कोशिश की।स्टेयरिंग से घसीटकर डॉक्टर को सड़क पर गिरा लिया। लात-घूंसों से जमकर पीटा।कपड़े फाड़कर अर्धनग्न कर दिया।बमुश्किल भीड़ के कब्जे से पुलिस डॉक्टर को छुड़ाकर म्याऊं थाने ले गई।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल सिद्धार्थ अपनी कार से उसावां से बदायूं जा रहे थे।गांव बिचपुरी के पास सड़क पर अचानक गोवंश कार के सामने आ गया।टकराने से गोवंश घायल हो गया।गोवंश के खून निकलता देख मौके पर पहुंचे ग्रामीण आक्रोशित हो गए।भीड़ ने कार को घेर लिया और उसे पलटने की कोशिश की।इससे भी ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ तो उन्होंने कार में बैठे डॉक्टर को स्टेयरिंग से घसीटकर सड़क पर गिराकर मारपीट शुरू कर दी।

उधर सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के लगाए आरोपों की पुष्टि के लिए डॉक्टर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
डॉ. राहुल सिद्धार्थ का एक्सीडेंट होने के बारे में जानकारी मिली है।वह कुछ समय से अवकाश पर चल रहे थे। सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने के लिए पहुंचे थे,उनसे कुछ अभिलेख मांगे गए थे, जो उन्हें आज दाखिल करने थे। शायद उन्हीं को लेने वह उसावां से बदायूं आ रहे थे।डॉ. राहुल सिद्धार्थ का मेडिकल चेकअप कराया गया है। जांच में उनके चोट नजर आई है।वहीं उनके शरीर में अल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई है। -डॉ. विकास शर्मा, सीएमओ
कार में तोड़फोड़ के दौरान हाईवे पर मची अफरा-तफरी:-ग्रामीणों के गुस्से का शिकार डॉक्टर की कार भी हुई। भीड़ ने कार में तोड़फोड़ शुरू की तो हाईवे पर अफरातफरी का माहौल हो गया। कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम हो गया।काफी देर तक हंगामा हुआ। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के आगे पुलिस बेबस नजर आई।
पुलिस ने डॉ. राहुल सिद्धार्थ को भीड़ से छुड़ाकर म्याऊं थाने पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने मौके की स्थिति और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।हादसे में घायल गोवंश की स्थिति और उसके उपचार को लेकर भी जानकारी की गई। वहीं, डॉक्टर के साथ मारपीट और कार में तोड़फोड़ किए जाने के मामले में पुलिस वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

