खेत में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका, फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए
बदायूं।जनपद के उघैती क्षेत्र में नरेनी से बिसौली जाने मार्ग के किनारे खेत में आज बुधवार सुबह नीम के पेड़ पर युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। युवक की हत्या की आशंका जताई गई है।परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोप लगाए। पुलिस जांच कर रही है।
आज सुबह करीब 10 बजे सराय बघौली निवासी रामेश्वर के खेत में पेड़ पर युवक का अंगोछे से बनाए फंदे से शव लटका मिला।सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।कुछ देर बाद थाने के इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। पेड़ के चारों ओर फोरेंसिक टीम ने घेरा बनाया,उसके बाद जांच शुरू की। उघैती थाना पुलिस ने घटनास्थल पर बारीकी से निरीक्षण किया।फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।युवक की पहचान विक्रम (30 वर्ष) पुत्र रोशन सिंह निवासी ग्राम रानेट गोविंदपुर थाना बिसौली के रूप में हुई।पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम कराने के लिए बदायूं भेज दिया है।बिसौली का युवक उघैती क्षेत्र में कैसे पहुंचा,इसको लेकर भी पुलिस छानबीन कर रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

