अमरोहा (हसनपुर)। पर्यावरण को स्वच्छ, हरा-भरा एवं खुशहाल बनाने और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे अहम है। इसी उद्देश्य और आमजन में पेड़ों के महत्व के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए जमीयत उलेमा-ए-हिंद और जमीयत यूथ क्लब, अमरोहा के तत्वावधान में एक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। यह अभियान हज़रत मौलाना महमूद असअद मदनी (सदर जमीयत उलेमा-ए-हिंद) के विशेष निर्देशों पर आयोजित किया गया।
500 पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य
इस विशेष अभियान के अंतर्गत तहसील हसनपुर के गांव ढकका मोड़ स्थित मदरसा मिस्बाहुज़ ज़फ़र और उसकी शाखा के साथ-साथ ढकका एवं ढकका मोड़ के आसपास के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत क्षेत्र में कम से कम 500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
बच्चों ने लिया देखभाल का संकल्प
इस अवसर पर मदरसा मिस्बाहुज़ ज़फ़र और उसकी शाखा के सभी बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। नन्हे हाथों से पौधे लगाकर बच्चों ने समाज को पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और बच्चों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उन्हें संरक्षित करने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
‘पेड़-पौधे हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा’
इस मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
वृक्षारोपण अभियान में मौलाना इफ्तिखार, मुफ्ती ज़ुल्फिकार, राहत अली, मौलाना बश्शार, प्रधान पद के उम्मीदवार ज़ाहिद अली तथा मुजीबुर रहमान (खादिम जमीयत यूथ क्लब, अमरोहा) ने अपने हाथों से पौधे लगाए। इस मुहिम में जमीयत यूथ क्लब के कार्यकर्ताओं, मदरसे के बच्चों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।

