Uttarakhand Heavy Rain देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। देर रात से प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम खराब होने के चलते चारधाम यात्रा पर दो दिन के लिए रोक लगा दी गई है। कई इलाकों में जलभराव, सड़क धंसने और लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं।
देहरादून में बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया। वहीं नंदा की चौकी के पास नए पुल के एप्रोच मार्ग में बड़ा गड्ढा बनने से विकासनगर-पांवटा मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही। जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मार्ग को करीब एक घंटे के भीतर बहाल करा दिया गया।
नैनीताल में दो लोगों के बहने की सूचना
भारी बारिश का असर नैनीताल में भी देखने को मिला। यहां दो लोगों के बहने की सूचना है। प्रशासन और राहत दल मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें भी प्रभावित हुई हैं। प्रदेश के तीन जिलों में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आने से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी की अपील
लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। सड़क और पुलों को हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रभावित मार्गों को जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें काम कर रही हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम साफ होने और हालात सामान्य होने के बाद ही चारधाम यात्रा को लेकर आगे फैसला लिया जाएगा।

