अमरोहा,जिलाधिकारी डॉ0 नितिन गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रसारित विभागों की रैंकिंग की विशेष समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने खराब रैंक वाले विभागों के अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि खराब रैंकिंग के कारणों का गंभीरता से विश्लेषण कर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि रैंक सुधारने के लिए प्रत्येक सप्ताह किए जा रहे प्रयासों की रिपोर्ट प्रत्येक सप्ताह प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही खराब प्रगति के कारणों तथा उसे ठीक करने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना भी प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी समीक्षा से पूर्व प्रत्येक विभाग अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करे।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें और सीएम डैशबोर्ड पर फीड होने वाले समस्त आंकड़ों को समयबद्ध एवं सटीक रूप में अपडेट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय प्रदर्शन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा विकास कार्यों की प्रगति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें, जिससे जनपद की रैंकिंग एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर जनपद के कार्यों का मूल्यांकन मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के आधार पर किया जाता है, इसलिए सभी विभाग पूर्ण उत्तरदायित्व एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
समीक्षा के दौरान श्रम विभाग की खराब प्रगति पाए जाने तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारी के बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

