रामपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहजादनगर थाना क्षेत्र के धमोरा ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पुलिस के वज्र वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वज्र वाहन चला रहे सिपाही की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठी महिला कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जयपुर से बरेली लौटते समय हुआ हादसा, आरोपी चालक फरार जानकारी के अनुसार, बरेली की परिवहन शाखा में तैनात सिपाही अशोक (40) सरकारी काम से वज्र वाहन लेकर जयपुर गए थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे वह महिला कांस्टेबल आरती के साथ वापस बरेली लौट रहे थे। धमोरा ओवरब्रिज के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनके वज्र वाहन में सीधी टक्कर मार दी। आमने-सामने की इस भिड़ंत के बाद आरोपी चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे रहे दोनों पुलिसकर्मी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वज्र वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों पुलिसकर्मी अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सिपाही अशोक और महिला कांस्टेबल आरती को बाहर निकाला। अस्पताल पहुंचने पर सिपाही अशोक ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आरती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
6 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया मृतक सिपाही अशोक मूल रूप से बुलंदशहर जिले के अनूपशहर थाना क्षेत्र स्थित मऊ गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में वह अपनी पत्नी प्रभा और छह वर्षीय बेटे आरव के साथ बरेली में किराए के मकान में रहते थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस फिलहाल फरार वाहन चालक और उसके वाहन की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

