हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में स्थित गढ़ रोड के देवनंदनी अस्पताल में देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित एक कमरे में एयर कंडीशनर (AC) में धमाके के बाद अचानक आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और अस्पताल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण NICU में भर्ती नवजात शिशुओं समेत सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कैसी लगी हॉस्पिटल में आग?
रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह फर्स्ट फ्लोर के कमरा नंबर 12 में लगे AC में शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ धमाका बताया जा रहा है। धमाके के साथ ही कमरे में आग फैल गई और देखते ही देखते पहले तथा दूसरे फ्लोर पर घना धुआं भर गया। चीफ फायर ऑफिसर (CFO) अजय शर्मा ने बताया कि फायर स्टेशन हापुड़ को रात लगभग 12:50 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं।
स्मोक एग्जॉस्टर का इस्तेमाल करके धुएं को बाहर निकाला गया
दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचते ही सबसे पहले रूम नंबर 12 की आग पर काबू पाया। इमारत में अधिक धुआं भरने के कारण सांस लेना मुश्किल हो रहा था, जिससे निपटने के लिए तुरंत स्मोक एग्जॉस्टर मशीन का इस्तेमाल कर धुएं को बाहर निकाला गया। बचाव दल ने पास में स्थित NICU वार्ड में भर्ती तीन नवजात शिशुओं, ICU के गंभीर मरीजों और ऊपरी मंजिलों में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित निकास मार्गों से बाहर निकाला। सभी प्रभावित मरीजों को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया।
हापुड़ के एसपी ने इस मामले पर दी जानकारी
हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दो-तीन थानों की पुलिस फोर्स और फायर यूनिट्स को तैनात किया गया था। पुलिस, दमकल विभाग और अस्पताल प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल के कारण समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और कूलिंग ऑपरेशन पूरा कर प्रथम तल के तापमान व धुएं को शांत कर दिया गया है।

