Kanwar Yatra 2026: अमरोहा (गजरौला)। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली पवित्र श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए शासन-प्रशासन के साथ-साथ अमरोहा का बिजली विभाग भी एक्शन मोड में आ गया है। शिवभक्तों (कांवड़ियों) और आम जनमानस की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गजरौला बिजली विभाग ने अपनी तैयारियां युद्धस्तर पर तेज कर दी हैं।
खंभों पर क्यों लगाई जा रही है भगवा पॉलिथीन?
कांवड़ यात्रा के दौरान भारी संख्या में शिवभक्त हाईवे से होकर गुजरते हैं और सावन के महीने में बारिश की संभावना भी बनी रहती है। बारिश के समय बिजली के खंभों में करंट उतरने का खतरा रहता है।
इसी खतरे को भांपते हुए बिजली विभाग की ओर से ब्रजघाट से लेकर गजरौला, धनौरा, हसनपुर और शाहबाजपुर डोर तक हाईवे किनारे लगे सभी बिजली के खंभों पर सुरक्षा के मद्देनजर विशेष ‘भगवा रंग’ की पॉलिथीन लगाई जा रही है। इससे बारिश के दौरान बिजली का करंट जमीन में नहीं उतरेगा और शिवभक्त सुरक्षित अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे।
बदले जा रहे हैं जर्जर तार, टीमें कर रहीं निरीक्षण
खंभों को सुरक्षित करने के साथ-साथ बिजली विभाग अन्य तकनीकी कमियों को भी दूर करने में जुटा है। पूरे रूट पर जहां-जहां भी बिजली के जर्जर तार हैं, उन्हें तेजी से बदला जा रहा है। इसके अलावा, नीचे की ओर झूल रही खतरनाक लाइनों को कसने का काम भी तेजी से चल रहा है।
अधिकारियों के निर्देश पर विभागीय टीमें लगातार मौके पर पहुंचकर रूट का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले 100 प्रतिशत सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

