समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हरा (अमरोहा)। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना रहरा परिसर में रविवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अमित तोमर ने की। इसमें क्षेत्र के डीजे संचालक, ग्राम प्रधान, कांवड़ सेवा शिविर आयोजक तथा संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष अमित तोमर ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, सुचारु यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अशोभनीय गतिविधि या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ग्राम प्रधानों और कांवड़ सेवा शिविर संचालकों से अपील की कि श्रद्धालुओं के लिए लगाए जाने वाले शिविरों में स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध न होने दें और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
थानाध्यक्ष ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस लगातार गश्त करेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।बैठक में मौजूद ग्राम प्रधानों, शिविर संचालकों और संभ्रांत नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की धार्मिक परंपरा, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखते हुए सभी मिलकर श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सफल और सकुशल संपन्न कराने में अपना योगदान देंगे।बैठक के अंत में सभी से आपसी समन्वय, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। की अपील की गई।

