समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
Hasanpur News-हसनपुर/अमरोहा। अमरोहा जनपद के ढवारसी कस्बे में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित ट्रैक्टर भीड़ में घुस गया। ट्रैक्टर ने सड़क किनारे लगे जलेबी के ठेले को रौंद दिया, जिससे 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े जलेबी के ठेले से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ठेला पलट गया और उसमें रखा गर्म तेल पास खड़ी मीना नामक महिला के ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।हादसे में हसनपुर के मोहल्ला चामुंडा वाला निवासी 20 वर्षीय अंकित पुत्र चंद्रपाल ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि अंकित अपने साथियों के साथ क्षेत्र में आम तोड़ने आया था। वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।हसनपुर क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
परिजनों से तहरीर प्राप्त हो गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

