मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस प्रशासन में मची खलबली, कई घंटे चली तलाशी
बदायूं शहर के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मेल के जरिए मिलने के बाद आज बृहस्पतिवार को पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।डाकघर के आधिकारिक ईमेल पर अज्ञात व्यक्ति की ओर से भेजी गई मेल का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने ग्राहकों को बाहर कराकर डाकघर का कोना-कोना छाना।
सीओ सिटी राहुल पांडेय के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों ने बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड के साथ जांच की।डाकघर और आसपास के परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया।तीन घंटे तक पुलिस ने कोने-कोने की जांच की।डाकघर में रखे पार्सल,लेटर और अन्य सामान को भी बारीकी से चेक किया गया।
तलाशी में नहीं मिली संदिग्ध वस्तु:-तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। धमकी भरा मेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं थीं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डाकघर के मेल पर बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई गई।
सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी में है।गौरतलब है कि बुधवार को जिला न्यायालय परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग की थी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

