असमोली (मढ़न)। उत्तर प्रदेश में गौकशी और गोतस्करी रोकने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में बुधवार दोपहर असमोली थाना क्षेत्र के मढ़न चौकी इलाके में पुलिस और गौतस्करों के बीच आमना-सामना हो गया। चेकिंग के दौरान बचने के लिए गोतस्करों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी और आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में एक शातिर गोतस्कर के पैर में गोली लगी है, जबकि इस मुठभेड़ में असमोली थाना प्रभारी भी घायल हो गए हैं।गश्त के दौरान हुआ बदमाशों से सामनाप्राप्त जानकारी के अनुसार, असमोली थाना प्रभारी मोहित चौधरी और मढ़न चौकी प्रभारी अनुज चौहान पुलिस बल के साथ बुधवार दोपहर को गांव नरैठा मोहम्मदपुर की पुलिया के पास गौशाला की तरफ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे घबरा गए और बाइक मोड़कर तेजी से भागने की कोशिश करने लगे।पुलिस पर दागे 3-4 राउंड फायर, जवाबी कार्रवाई में गिरा बदमाशशक होने पर पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने करीब तीन-चार राउंड फायर किए। इस दौरान अपनी जान बचाते हुए पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।इस फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत गिर पड़ा। मुठभेड़ के दौरान असमोली थाना प्रभारी मोहित चौधरी भी जख्मी हो गए।
दो आरोपी फरार, जंगलों में कांबिंग जारीगोली लगने से घायल हुए आरोपी इमरान और थाना प्रभारी मोहित चौधरी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) असमोली पहुंचाया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, फायरिंग का फायदा उठाकर इमरान के दो अन्य साथी (सईम और अलीम) मौके से फरार होने में कामयाब रहे।घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप कुमार सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घायल इमरान गौतस्करी के मामलों में पहले से ही आरोपित है। फरार दोनों साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगाई गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में सघन कांबिंग व चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस इस मामले में आगे की सख्त विधिक कार्रवाई कर रही है।