अमरोहा, जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा जनभागीदारी के माध्यम से जनपद के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार अपने घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर बिजली खर्च में बड़ी बचत कर सकता है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः 2 से 3 वर्षों में सोलर संयंत्र की लागत की भरपाई हो जाती है और इसके बाद लंबे समय तक अत्यंत कम अथवा शून्य बिजली बिल का लाभ मिल सकता है। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से इस योजना का लाभ लेने का आह्वान किया।
उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान से जुड़ा जनआंदोलन बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी देखभाल का संकल्प भी ले। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि ‘कैच द रेन-2026’ अभियान जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य वर्षा जल के अधिकतम संचयन तथा भूजल स्तर में सुधार के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन प्रणाली अपनाकर जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जल संरक्षण संबंधी तकनीकी जानकारी एवं वर्षा जल संचयन प्रणाली के संबंध में जनपदवासी जल शक्ति केंद्र, लघु सिंचाई विभाग, विकास भवन, अमरोहा से प्राप्त कर सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर विभागीय अधिकारियों से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने सभी जनपदवासियों से इन तीनों अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही अमरोहा को प्रदेश में अग्रणी जनपद बनाया जा सकता है।

