सोमवती अमावस्या: बदायूं के कछला घाट पर उमड़ी आस्था, दो लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी
बदायूं जिले में सोमवती अमावस्या पर कछला गंगा घाट पूरे दिन आस्था से सराबोर रहा। करीब दो लाख श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान है। सोमवार तड़के से ही स्नान का दौर शुरू हो गया।गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।
कछला गंगाघाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तड़के पांच बजे से शुरू हो गया,लेकिन सर्वाधिक भीड़ सुबह नौ से पूर्वाह्न तक नजर आई।गंगा किनारे के चारों घाट पर गंगा मैया के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए गंगा किनारे जुटे श्रद्धालुओं ने पुरोहितों से मंत्रोच्चार कराकर पूजन किया।पुरोहितों को दक्षिणा भी भेंट की।प्रसाद वितरण किया।कासगंज जिले के छोर वाले घाट पर काफी भीड़ दिखी।श्रद्धालुओं में कई परिवार ने कन्याओं और संतों को भोज कराया।


