Uttarakhand Weather Alert :देहरादून/वेदर डेस्क: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर खतरनाक रूप लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा राज्य में संभावित खराब मौसम, तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। इस चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने सभी जनपदों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
4 और 5 मई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (Orange Alert)
मौसम विभाग ने मुख्य रूप से 4 और 5 मई 2026 के लिए राज्य के कई जिलों में भारी तबाही की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है:
4 एवं 5 मई: देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जनपदों में मौसम बेहद खराब रहेगा। यहां गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, भारी ओलावृष्टि, तीव्र से अति तीव्र वर्षा और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोकेदार हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।
सिर्फ 5 मई के लिए: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में भी 5 मई को ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
अन्य जिलों में ‘येलो अलर्ट’ (Yellow Alert)
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के अलावा, राज्य के अन्य जनपदों में 2 मई से लेकर 6 मई 2026 तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
प्रशासन हुआ सख्त: ट्रेकिंग पर नियंत्रण, रेस्क्यू टीमें तैयार
आपदा के संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने सभी जनपदों को उच्च सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को तुरंत नियंत्रित करने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।
सभी राहत एवं बचाव दलों (SDRF/NDRF) को ‘अलर्ट मोड’ पर रखा गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग, PWD, PMGSY और BRO जैसे विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे तत्काल खोलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा, ग्राम स्तर तक के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने, मोबाइल फोन/संचार माध्यम 24 घंटे चालू रखने और विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

