Summer Vacations : भीषण गर्मी को देखते हुए ओडिशा सरकार ने राज्यभर के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को 27 अप्रैल से बंद करने का ऐलान किया है. स्कूल और जन शिक्षा (SME) विभाग द्वारा समर वैकेशंस पहले दिए जाने के लिए पेश किए प्रस्ताव को सीएम मोहन चरण माझी ने छात्रों की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए मंजूरी दे दी.
ओडिशा में अब 27 अप्रैल से सभी प्राइवेट और सरकारी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे. मौसम विभाग के अलर्ट और कई जिलों में बढ़ते तापमान को देखते हुए सरकार ने छात्रों की भलाई के लिए समय से पहले शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया है.
समर वैकेशंस पहले होने के ऐलान के बाद सरकार ने छात्रों से एक बात और स्पष्ट कर दी है कि परीक्षाएं अपने निधार्रित समय पर ही होंगी. इसके अलावा स्कूलों में पहले से चल रहीं परीक्षाएं, जनगणना काम पहले की तरह जारी रहेगा.
स्कूलों में आमतौर पर समर वैकेशंस का ऐलान 25 मई या एक जून के बाद होता था, जिसे ओडिशा सरकार ने राज्य में भीषण गर्मी को देखते हुए 27 अप्रैल से करने का प्रस्ताव पेश किया. राज्य के कई जिलों में इन दिनों तापमान 40 के पार हो चुका है. राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश चंद्र पुजारी ने जल्द आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद करने की बात कही.
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में ओडिशा के कई हिस्सों में तापमान बढ़कर 45 डिग्री के आसपास भी पहुंचेगा. अभी राज्य के 24 केंद्रों में तापमान 40 के पार चल रहा है. ऐसे में स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान होना छात्रों की भलाई के हिसाब से सरकार का सही फैसला है.

